logo

प्राकृतिक चिकित्सा की वरदान है होम्योपैथ - डा. विनोद कुमार यादव



भाटपार रानी,देवरिया। विश्व होम्योपैथी दिवस यानी डा.फ्रेडरिक सैमुअल हैनीमैन के जन्मदिवस पर भाटपार रानी विधानसभा क्षेत्र के खामपार में संचालित 50 सैय्या आयुष चिकित्सालय के चिकित्सा अधीक्षक डा.विनोद कुमार यादव द्वारा कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसके मुख्य अतिथि -पूर्वांचल विकास बोर्ड के सदस्य राजकुमार शाही व विशिष्ट अतिथि भाजपा जिला उपाध्यक्ष अरुण सिंह व समाजसेवी अनिल सिंह रहे। कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्ज्वलन से की गई। राजकुमार शाही ने अपने सम्बोधन में कहा कि -डा.हैनीमैन ने विश्व को एक नई चिकित्सा पद्धति दी थी,जो सर्वाधिक प्रचलित हुई है।यह वैकल्पिक चिकित्सा प्रणाली शरीर की अपनी उपचार प्रक्रिया को प्रोत्साहित करती है। विशिष्ट अतिथि अरूण सिंह ने कहा कि -आयुष चिकित्सालय खामपार की सेवा ने चिकित्सा के लिए इस क्षेत्र में आशा की किरण जगाई है। क्षेत्र की जनता को पुरा लाभ भी मिल रहा है। उन्होंने कहा कि -शीघ्र ही अस्पताल को निर्बाध बिजली आपूर्ति के लिए सौर ऊर्जा की स्थापना कराई जाएगी। अरूण सिंह ने कहा कि -चिकित्सा के लिए सर्वसुलभ व उत्कृष्ट सेवा का कीर्तिमान स्थापित करने के लिए अस्पताल को अल्ट्रासाउंड और एक्स-रे मशीनों की भी आवश्यकता है, जिसके लिए शासन से मांग की जाएगी।
चिकित्सा अधीक्षक ड.विनोद कुमार यादव ने कहा कि -होम्योपैथ प्राकृतिक चिकित्सा की वरदान है। इसके जनक डाक्टर सैमुअल हैनीमैन जर्मन चिकित्सक थे, जिन्होंने शरीर की अपनी हीलिंग प्रक्रिया को प्रोत्साहित करने के लिए वनस्पति और खनिजों का उपयोग किया,जिसका कोई प्रतिकूल प्रभाव नहीं पड़ता है।
होम्योपैथी की व्याख्या करते हुए उन्होंने कहा कि -होम्योपैथी दो यूनानी शब्दों, होमियोस और पथोस का मिश्रण है। होमियोस का अर्थ है समान और पथोस का अर्थ है दुख। दूसरे शब्दों में, होम्योपैथी उपचार के साथ रोगों के इलाज की एक प्रणाली है। होम्योपैथिक उत्पाद पहाड़ की जड़ी-बूटियों, सफेद आर्सेनिक जैसे खनिजों, जहर आइवी, और कुचल मधुमक्खियों जैसे जीव जन्तुओं से बनाए जाते हैं। ये होम्योपैथिक उत्पाद चीनी छर्रों, मलहम, गोलियों, जैल, क्रीम और बूंदों के रूप में होते हैं। उपचार प्रत्येक व्यक्ति की जरूरतों के अनुसार तैयार किया जाता है।
कार्यक्रम के अवसर पर डा.मनीष कुमार मल्लिक,डा.आशुतोष सिंह,डा.आनन्द चौहान,डा.मुहम्मद अनीस,डा.सत्येन्द्र, रजिस्ट्रेशन क्लर्क सुनीता देवी, फार्मासिस्ट महेंद्र पाल, पंकज पटेल,स्टाफ नर्स सीमा यादव, अंजली गौतम, फिजियोथैरेपिस्ट धर्मनाथ सिंह,पंच कर्म तकनीशियन राकेश यादव व संदीप कुमार के साथ क्षेत्र के तमाम लोग मौजूद रहे।

0
2112 views